सिरसागंज में टोल प्लाजा पर फायरिंग की घटना का 4 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और कार बरामद, मथुरा निवासी राहगीर को लगी थी गोली
फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज क्षेत्र के गुराऊ टोल प्लाजा के पास बीते गुरुवार रात हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो अभियुक्तों को एक लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस और सफेद रंग की कार सहित गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात वादी अजीत सिंह निवासी ग्राम गुराऊ थाना सिरसागंज जब फालूदा खाकर लौट रहे थे, तभी कार सवार दो अज्ञात लोगों से पैसों को लेकर विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद हमलावरों ने अजीत सिंह पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अजीत सिंह तो बाल-बाल बच गए, लेकिन पास से गुजर रहे मथुरा निवासी राहगीर राहुल चौधरी गोली लगने से घायल हो गए।
इस घटना के संबंध में थाना सिरसागंज में मु.अ.सं. 317/2025 धारा 109/352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया।
पुलिस और सर्विलांस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 4 घंटे में घटना का सफल अनावरण किया और दो अभियुक्त अनुज पुत्र रामस्वरूप निवासी जसवंतनगर, जनपद इटावा तथा हरिशंकर पुत्र शिवकुमार सिंह निवासी ग्राम बिलासपुर थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से .32 बोर की एक लाइसेंसी पिस्टल, तीन खोखा कारतूस और सफेद रंग की कार (UP75AD6557) बरामद की गई। पुलिस ने धारा 5/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह, उ.नि. अमित तौमर (सर्विलांस प्रभारी), उ.नि. राजनारायण सिंह, उ.नि. भैयालाल, उ.नि. अशोक कुमार, हे.का. पवन कुमार, का. अमित, का. राहुल पाल और का. अमित कुमार थाना सिरसागंज जनपद फिरोजाबाद।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में आमजन में राहत और अपराधियों में खौफ का माहौल है।