निजीकरण के विरोध में विद्युत तकनीकी कर्मचारियों का धरना, फिरोजाबाद में उग्र हुआ आंदोलन
फिरोजाबाद।
थाना उत्तर क्षेत्र के मथुरा नगर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पर शुक्रवार को विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ, उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने निजीकरण के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
धरने पर बैठे तकनीकी कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा बिजली विभाग के निजीकरण की जो प्रक्रिया चुपचाप चलाई जा रही है, वह न सिर्फ कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात है बल्कि इससे आम जनता को भी महंगी बिजली झेलनी पड़ेगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई गई तो प्रदेश भर में काम बंद आंदोलन छेड़ा जाएगा।
धरना स्थल पर मौजूद संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि निजीकरण से न तो कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा, न ही उपभोक्ताओं को सही और सस्ती सेवा मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि निजी कंपनियां सिर्फ मुनाफा देखती हैं, जबकि सरकारी व्यवस्था में जनता की सुविधा प्राथमिकता होती है।
इस दौरान कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बैनर तले एकजुटता दिखाई।
धरने में फिरोजाबाद जनपद इकाई के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों से भी कर्मचारी शामिल हुए। उन्होंने मांग की कि निजीकरण की प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए, कर्मचारियों की सुरक्षा व सेवा शर्तों को सुनिश्चित किया जाए और विभागीय संरचना को मजबूत किया जाए।
धरने के चलते विद्युत कार्यालय का कार्य आंशिक रूप से ठप रहा।