“ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत फिरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता, हत्या के आरोपी को उम्रकैद की सज़ा
फिरोजाबाद, 16 मई।
उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत फिरोजाबाद पुलिस ने एक और अहम मुकदमे में न्याय दिलाने में सफलता हासिल की है। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में पंजीकृत हत्या के एक मामले में प्रभावी पैरवी और ठोस साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त रिंकू दिवाकर को अदालत ने दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास एवं 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
यह मामला थाना शिकोहाबाद में वर्ष 2022 में पंजीकृत मु0अ0सं0 936/22, धारा 302 भादंवि से जुड़ा है। अभियुक्त रिंकू दिवाकर पुत्र रामगोपाल, निवासी ज्ञान भारती स्कूल वाली गली, शिकोहाबाद को विशेष पोक्सो न्यायालय-03 द्वारा दोषी ठहराया गया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल द्वारा सतत निगरानी करते हुए ठोस साक्ष्य एकत्र किए गए और अभियोजन पक्ष ने सशक्त पैरवी की। विशेष रूप से अभियोजक श्री प्रिय प्रताप सिंह, पुलिस मॉनिटरिंग सेल, तथा कोर्ट पैरोकार हेड कांस्टेबल वेदपाल सिंह के योगदान को उल्लेखनीय माना गया है।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेशभर में न्यायिक सफलता सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।